राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए सोनिया और येचुरी से मिले मोदी के मंत्री
राष्ट्रपति उम्मीदवार पर सरकार ने चर्चा शुरू कर दी है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह और संसदीय कार्य मंत्री वेंकैया नायडू ने सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य सभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद थे। गुलाम नबी आजाद ने मीडिया को बताया कि सरकार ने अभी तक किसी उम्मीदवार का नाम नहीं बताया है। उल्टे मंत्रियों ने सोनिया गांधी से उनकी पसंद पूछी है। दोनों मंत्री आज सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी से भी मिले। येचुरी से भी उनके पसंद का राष्ट्रपति उम्मीदवार का नाम पूछा और सरकार ने अपनी पसंद नहीं बताई। इसके बाद राजनाथ और वेंकैया भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से भी मिले। खबर है कि सरकार ने अभी तक राष्ट्रपति उम्मीदवार का नाम तय नहीं किया है और विपक्षी नेताओं से विचार विमर्श के बाद फैसला होगा।
