एक अफसर अंडरवर्ल्ड डॉन के साथ जेल में क्यों रहना चाहता है?
मध्य प्रदेश के गुणा जिले के एडिशनल कलक्टर नियाज़ खान ने सरकार से एक अजीबो गरीब गुजारिश की है। मध्य प्रदेश का जिलाधिकारी डॉन की प्रेम कहानी लिखना चाहता है और इसके लिए वो एक महीने जेल में रहना चाहता है।इस अफसर ने चिट्ठी में लिखा है कि वो अंडरवर्ल्ड डॉन अबु सलेम की प्रेम कहानी पर किताब लिख रहा है। इस किताब का नाम है, ‘लव डिमांड्स ब्लड’ यानि मोहब्बत खून मांगती है। अफसर ने सरकार से कहा है कि वो एक महीने महाराष्ट्र के तलोजा जेल में वक्त बिताना चाहता है। अबु सलेम से मिलना चाहता है। उसकी लव स्टोरी सुनना चाहता है। आजकल अबु सलेम इस जेल की सलाखों के पीछे है। अबु सलेम को उनकी कथित प्रेमिका मोनिका बेदी के साथ 2005 में पुर्तगाल से गिरफ्तार किया गया था। डॉन की गर्लफ्रेंड बनने से पहले मोनिका बेदा बॉलीवुड की हीरोइन थीं और अबु सलेम के जेल जाने के बाद वो टीवी के रिएलिटी शो में दिखीं थीं। आजकल मोनिका कहती हैं उन्होंने ड़ॉन से कभी शादी नहीं की थी और अब उनका अबुल सलेम से कोई लेना देना नहीं है। इस चिट्ठी के बाद सरकार पशोपेश में है कि आखिर एक अफसर को जेल में रहने की इजाजत कैसे दी जा सकती है ।



