You are here

मोदी और अमित शाह इस प्लान से ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ बनाना चाहते हैं

पसंदीदा खबर राजनीति 

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भारत को कांग्रेस मुक्त करने का पूरा फॉर्मूला तैयार कर लिया है। अब कांग्रेस मुक्त का नारा सिर्फ एक जुमला नहीं है, भाजपा इसे बेहद गंभीरता से लागू करने वाली है । इस सपने को पूरा करने के लिए अमित शाह भारत भ्रमण पर निकलने वाले हैं। देश के उन इलाकों में अमित शाह का दौरा होगा जहां भाजपा का संगठन बेहद कमजोर है। अमित शाह चुन चुनकर उन लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे जहां भाजपा आजतक एक बार भी चुनाव नहीं जीती। इस पैमाने पर तीन राज्य सबसे पहले आते हैं, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और केरल। इसलिए  ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर को भाजपा की कार्यकारिणी के लिए चुना गया। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का निशाना वो इलाका है जहां पार्टी कमजोर है। अमित शाह पार्टी को मजबूत करने का प्लान बना रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी ने शाह को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। ये अमित शाह की ही योजना थी कि ओडिशा में विधानसभा चुनाव से दो साल पहले ही तैयारी शुरू कर दी गई है। वैसे तो प्रधानमंत्री मोदी रोडशो नहीं करते। लेकिन ओडिशा में कार्यकारिणी की बैठक से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हवाईअड्डे से राजभवन तक रोड शो किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने अपने संसदीय इलाके वाराणसी के अलावा सिर्फ भुवनेश्वर में ही उस अंदाज़ में सड़क पर दिखे। पैदल चलते हुए प्रधानमंत्री भाजपा के कार्यकर्ताओं से मिले। इस रोड शो के पीछे का मंतव्य साफ था, ओडिशा में कांग्रेस बेहद कमजोर है। ज़मीन पर भाजपा का संगठन बेजान दिखता है। उस राज्य में सिर्फ नवीन पटनायक का नाम चलता है। हर इलाके में बीजू जनता दल की ही पकड़ है। भाजपा को लगता है कि अगर मेहनत की गई तो दो साल में भाजपा अपनी ज़मीन तैयार कर सकती है। नवीन पटनायक की तबीयत के बारे में भी दिल्ली में अलग अलग तरह की खबरें उड़ती रहती है।  2019 में नवीन पटनायक सत्तर के पार हो जाएंगे और उनकी पार्टी के खिलाफ 19 साल के लंबे शासन का एंटी इंकबेंसी फैक्टर भी होगा। नवीन पटनायक को चुनौती देने के लिए भाजपा नेतृत्व पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को आगे बढ़ा रही है। इसलिए प्रधान के कद को वक्त के साथ बढ़ाया जा रहा है। धर्मेंद्र प्रधान ने भी अपने मंत्रालय की उज्जवला योजना के जरिए ओडिशा के हजारों महिलाओं को मुफ्त में सिलेंडर बांटे हैं। ओडिशा के अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की नज़र पश्चिम बंगाल पर है। हाल में हुए एक विधानसभा उपचुनाव में भाजपा दूसरे नंबर पर रही, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टी के उम्मीदवारों की ज़मानत जब्त हो गई। इस उपचुनाव में मिले वोट ने भाजपा का हौंसला बढ़ाया है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने दिलीप घोष को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वो ममता बनर्जी को ममता स्टाइल से ही चुनौती देना जानते हैं और उन्होंने शुरुआत भी कर दी है। इस बार पश्चिम बंगाल के करीब करीब हर जिले में धूमधाम से रामनवमी और हनुमान जयंति मनाई गई। भाजपा के साथ साथ राष्ट्रीय स्व्यंसेवक संघ से जुड़े संगठनों ने पूरा जान लगा दी है। करीब तीस साल बाद पश्चिम बंगाल की सड़कों पर रामनवमी के मौके पर तलवार, गदा और भाले लेकर भगवाधारी हिंदू सड़कों पर उतरे। मोटरसाइकिल रैली निकाली गई और जब पुलिस ने रोका तो जूलुस ने परवाह नहीं की। पश्चिम बंगाल में भाजपा बहुत ही आक्रामक तरीके से अपना प्रचार कर रही है। उपचुनाव से पहले और उपचुनाव के ठीक बाद भाजपा के करीब आधे दर्जन केंद्रीय मंत्री बंगाल पहुंचे और उन्होंने अपना एजेंडा खुलकर जनता के सामने रखा। गृह मंत्री राजनाथ सिंह से लेकर जलसंसाधन मंत्री उमा भारती और कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद जैसे धाकड़ नेता बंगाल लगातार आए। मतलब साफ है, पश्चिम बंगाल में चुनाव अभी दूर है। लेकिन अमित शाह का प्लान अभी से शुरू हो गया है। भाजपा के लिए केरल सबसे कठिन चुनावी मैदान है। अभी तक भाजपा केरल में एक भी लोकसभा चुनाव नहीं जीत पाई है। बड़ी मुश्किल से विधानसभा में भाजपा का खाता खुला है। केरल में संघ का संगठन मजबूत है लेकिन केरल में अब तक चुनाव दोतरफा ही होता था। एक तरफ कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ दूसरी तरफ लेफ्ट के नेतृत्व वाली एलडीएफ। लाख कोशिश करने के बाद भी भाजपा तीसरी ताकत नहीं बन पाई है। इसलिए केरल के लिए नया प्लान सोचा गया है। भाजपा केरल में कांग्रेस का सफाया करना चाहती है, कांग्रेस बेहद कमजोर होगी तो भाजपा अपने आप दूसरी ताकत बन जाएगी। नागपुर में मोहन भागवत और दिल्ली में अमित शाह दोनों अपने करीबी नेताओं को कई बार कहते सुने गए हैं कि भाजपा का स्वर्णिम दिन तब आएगा जब केरल में भगवा लहराएगा। केरल के विधानसभा चुनाव में अभी लंबा वक्त है, इसलिए अमित शाह को उम्मीद है कि अगर वो लगातार कोशिश करते रहे तो इस मुश्किल काम में सफलता मिल सकती है।

Tagged :

Related posts

Leave a Comment