टीम इंडिया ने किया क्लीन स्वीप, कई रिकॉर्ड बने और कई रिकॉर्ड टूटे भी
भारत ने रविवार को पांचवें वनडे में श्रीलंका को 6 विकेट से हराते हुए वनडे सीरीज में श्रीलंका का सूपड़ा साफ करते हुए सीरीज 5-0 से अपने नाम कर ली ।भारतीय टीम पहली टीम है जिसनें 46 साल के वनडे इतिहास में श्रीलंका को उसी की धरती पर 5-0 से शिकस्त दी है ।भुवनेश्वर कुमार को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया । भुवी ने 9.4 ओवर में 42 रन दे कर 5 विकेट लिए । सीरीज में सर्वाधिक 15 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह ‘मैन ऑफ द सीरीज’ रहे ।
भारत को जीत के लिए 239 रनों का लक्ष्य मिला था जो उसने 46.3 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 110 रन और केदार जाधव ने 67 रनों का योगदान दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम 49.4 ओवर में 238 रन पर ढेर हो गई । श्रीलंका की ओर से लाहिरू थिरिमाने ने 67 तो वहीं एंजेलो मैथ्यूज ने 55 रनों की पारी खेली ।
रिकॉर्ड की हुई बरसात:
- टीम इंडिया के इतिहास में पहली बार दो तेज गेंदबाजों ने बाइलेट्रल सीरीज में 5 विकेट लेने का कारनामा किया है । बुमराह ने तीसरे वनडे जबकि भुवनेश्वर ने पांचवें वनडे में 5 विकेट लिये ।
- बुमराह ने सीरीज में 15 विकेट ले कर द्विपक्षीय वनडे सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेने के श्रीलंका के अजंता मेंडिस के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया । मेंडिस ने 2008 में भारत के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज में 13 विकेट लिए थे ।
- धोनी वनडे में 100 स्टंपिंग करने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बने । यजुवेंद्र चहल की गेंद पर धनंजय को स्टंपकर धोनी ऐसा करने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बन गए हैं । धोनी ने 301 मैच में यह कृतिमान स्थापित किया । धोनी ने श्रीलंकाई विकेटकीपर संगकारा का रिकॉर्ड तोडा । संगकारा ने 404 वनडे मैच में 99 स्टंपिंग की ।
- भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पांचवें वनडे में शानदार 110 रन की पारी खेलीं । यह उनके वनडे करियर का 30वां शतक है । इसके साथ ही वे ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के 30 शतक के बराबर आ गए हैं । विराट से आगे सिर्फ तेंदुलकर है जिन्होंने अपने कैरियर में 49 वनडे शतक बनाए ।



