क्या बाबा राम रहीम के शांति की अपील वाली वीडियो मैसेज को अनसुना कर देंगे डेरा समर्थक ?
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख बाबा राम रहीम के खिलाफ दायर यौन उत्पीड़न के मामले में पंचकूला की सीबीआई कोर्ट बाबा राम रहीम पर आज फैसला सुनाएगा । फैसले से पहले बाबा के लाखों भक्तों के पंचकूला पहुंचने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई है । यदि राम रहीम के समर्थक हंगामा करते हैं तो उस स्थिति से निपटने के लिए चंडीगढ़ क्रिकेट स्टेडियम को अस्थायी जेल में तब्दील कर दिया गया है ।पंचकुला और चंडीगढ़ में स्कूल, कॉलेज, दुकानें, और व्यावसायिक गतिविधियां बंद कर दी गई हैं।पूरे हरियाणा में धारा 144 लागू कर दी गई है और सुरक्षाबलों ने फ्लैग मार्च भी निकाला है ।
साल 2002 में डेरे की एक साध्वी ने उस वक्त के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पंजाब-हरियाणा कोर्ट के जजों को खत लिखकर बाबा पर रेप का आरोप लगाया था । हाई कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए 24 सितंबर 2002 को सीबीआई को इस पत्र के आधार पर जांच का जिम्मा सौंपा था । सीबीआइ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह ने हाल ही एक वीडियो जारी किया है । बाबा ने वीडियो में कहा, “सभी से ये अपील की जाती है कि शांति बनाए रखें । मैंने पहले ही शांति बनाए रखने के लिए कहा था व पंचकूला जाने के लिए मना किया था ।जो भी डेरा प्रेमी पंचकूला गए हैं कृपया वो वापस अपने घर चले जाएं । फैसला मैंने सुनना है, मैं स्वयं जाकर फैसला सुनुंगा । हम सबको कानून का सम्मान करना चाहिए व शांति बनाए रखें ।”
Gurmeet Ram Rahim appeals to followers to maintain peace #RamRahimVerdict pic.twitter.com/SqP6OOQZ4g
— TIMES NOW (@TimesNow) August 24, 2017



