पाकिस्तानी पैसे से जन्नत को जहन्नुम बनाने 7 गिरफ्तार, अगला नंबर किसका?
पाकिस्तान से पैसे लेकर कश्मीर में आग लगाने वाले, पत्थरबाजी करवाने वाले, अलगाववाद को बढ़ाने वाले अब शिकंजे में आ चुके हैं। एनआईए ने सात कश्मीरी अलगाववादी नेताओं को गिरफ्तार किया ।
इन गिरफ्तार लोगों के नाम हैं, नईम खान, फारूक अहमद डार उर्फ बिट्टा कराटे, अल्ताफ अहमद शाह, शाहिद-उल-इस्लाम, अयाज अकबर, पीर सैफुल्ला तथा राजा मेहराजुद्दीन कलवल शामिल हैं। अल्ताफ शाह अलगाववादी सैयद अली गिलानी का दामाद है। शाहिद इस्लाम हुर्रियत के मीरवाइज उमर फारूक का करीबी है। अकबर, गिलानी की अगुवाई वाले हुर्रियत का प्रवक्ता है। ऐसा पहली बार हुआ है कि पाकिस्तान से धन लेने के आरोप में हुर्रियत के इतने सारे नेताओं को गिरफ्तार किया गया है।
एनआईए ने श्रीनगर, जम्मू, दिल्ली तथा हरियाणा में छापेमारी की थी और सबूत बरामद किए थे। एनआईए ने एफआईआर में पाकिस्तान के जमात-उद-दावा और लश्कर-ए-तैयबा के चीफ हाफिज सईद को आरोपी के रूप में नामजद किया है। इसके अलावा हुर्रियत, हिजबुल मुजाहिदीन तथा दुख्तरान-ए-मिल्लत जैसे संगठनों को भी नामजद किया है।
छापेमारी के दौरान एनआईए ने कई खाते, दो करोड़ रुपये नकद तथा लश्कर व हिजबुल सहित प्रतिबंधित आतंकवादी समूहों के लेटरहेड बरामद किए थे। एनआईए ने संपत्ति से संबंधित कागजात, पेन ड्राइव, लैपटॉप, मोबाइल फोन, फोन डायरी, रसीद तथा वाउचर बरामद किए थे, जिससे हवाला के जरिए भुगतान का खुलासा हुआ है।



