आगे आगे भारत की क्रिकेट टीम, पीछे-पीछे विजय माल्या पहुंच जाते हैं
हिंदुस्तान से भागे विजय माल्या आजकल इंग्लैंड में खूब दिख रहे हैं। जहां भारत की क्रिकेट टीम पहुंचती है, उससे पहले भगोड़े विजय माल्या पहुंच जाते हैं। इंग्लैंड में विराट कोहली के सम्मान में एक चैरिटी प्रोग्राम रखा गया। एक एनजीओ ने इस डिनर की मेजबानी की थी, लेकिन डिनर टेबल पर मेहमान बनकर पहुंच गए मिस्टर एंड मिसेज माल्या। माल्या ने एक हफ्ते में ऐसा दूसरी बार किया है। पिछली बार वो बर्मिंघम में एजबेस्टन के मैदान पर दिखे थे। भारत-पाकिस्तान मैच के वक्त माल्या पर कमैरा कई बार गया और वो मैच का मजा लेते दिखे।अब माल्या ने ऐलान कर दिया है वो हर उस मैदान में जाएंगे जहां भारत का मैच है।




विजय माल्या पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। उन पर आरोप है कि वो भारत के बैंकों के 9 हजार करोड़ रुपए लेकर फरार हो गए। 15 महीने पहले बिना कर्ज चुकाए वो सामान और परिवार के साथ ब्रिटेन जाकर बस गए। अब भारत सरकार विजय माल्या को वापस देश लाने की पूरी कोशिश कर रही है। ब्रिटेन में मजिस्ट्रेट की अदालत मामला चल रहा है। 19 अप्रैल को विजय माल्या को ब्रिटेन में गिरफ्तार कर लिया गया था। लेकिन तीन घंटे बाद ही साढ़े चार करोड़ रुपए के बॉन्ड और पासपोर्ट जमा करने की शर्त पर उन्हें जमानत मिल गई।



