राष्ट्रपति भवन में ‘राम’राज, अब कहिए महामहिम रामनाथ कोविंद
रामनाथ कोविंद देश 14वें राष्ट्रपति होंगे। उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मीरा कुमार को भारी मतों से हराया। रामनाथ कोविंद को 66% वोट मिले जबकि मीरा कुमार 33% वोट ही हासिल कर पाईं । अब 25 जुलाई को सुबह 11 बजे रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। कोविंद के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद कुछ बातें पहली बार हुई। वो देश के पहले ऐसे राष्ट्रपति होंगे जो सीधे तौर पर भाजपा से जुड़े थे, वो देश के दूसरे दलित राष्ट्रपति होंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में जन्मे रामनाथ कोविंद पहले राष्ट्रपति होंगे।
चुनाव जीतने के बाद कोविंद भावुक हो गए और उन्होंने छोटे से भाषण में बड़ी बातें कही। उन्होंने कहा, ” मैं एक छोटे से गांव से यहां पहुंचा हूं। कच्चे मकान में रहता था। देश के गरीब लोग दिनभर पसीना बाते हैं ताकि शाम को दो रोटी मिल सके। मैं राष्ट्रपति भवन में उन्हीं गरीब लोगों को प्रतिनिधित्व करूंगा। मैं विश्वास दिलाता हूं कि मैं सर्वे भवंतु सुखिन: की भावना से काम करूंगा।” चुनाव हार चुकीं मीरा कुमार ने कहा, “मैं कोविंदजी को भारत के राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई देती हूं। कठिन समय में उन पर संविधान की रक्षा का दायित्व आया है।”
