विराट कोहली बने नंबर वन खिलाड़ी
आईसीसी की वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में विराट कोहली फिर टॉप पर आ गए हैं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के कप्तान और अपने दोस्त एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ दिया है। आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर भी अब विराट से पीछे छूट गए हैं। चैम्पियंस शुरु होने से पहले विराट वनडे बैट्समैन की डिविलियर्स से 22 अंक और वॉर्नर से 19 अंक पीछे चल रहे थे। लेकिन इसके बाद विराट ने रफ्तार पकड़ी और चैपियंस ट्रॉफी में डिविलियर्स और वॉर्नर का प्रदर्शन फीका रहा। पाकिस्तान के खिलाफ विराट ने नाबाद 81 रन और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नॉट आउट रहते हुए 76 रन बनाए। इन दो पारियों ने विराट को नंबर एक बल्लेबाज बना दिया।
अभी चैम्पियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में गुरुवार को भारत का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। विराट अभी खेलेंगे और डिविलियर्स और वॉर्नर की टीम चैपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गई है इसलिए ये दोनों आराम करेंगे। इसी रैंकिंग में शिखर धवन टॉप 10 में आ गए हैं। चैपियंस ट्रॉफी से पहले आउट ऑफ फॉर्म चल रहे धवन को दसवां रैंक मिला है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 68 रन, श्रीलंका के खिलाफ 125 रन और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 78 रनों की शानदार पारियां खेली थीं। लेकिन रोहित शर्मा और महेंद्र सिंह धौनी रैंकिंग में एक एक स्थान और फिसले हैं। रोहित अब 13वें और धोनी 14वें स्थान पर हैं। ऑलराउंडर्स में बांग्लादेश के शाकिब अल-हसन टॉप पर हैं और भारत के रविंद्र जडेजा को आठवां रैंक मिला है। भारत की टीम अभी वनडे रैंकिंग में तीसरे नंबर पर बनी हुई है। साउथ अफ्रीका नंबर एक और ऑस्ट्रेलिया नंबर दो टीम है।



