You are here

प्रधानमंत्री मोदी ने किया रो-रो फेरी सर्विस का उद्घाटन,जानिये क्यों है यह मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट

पीएम मोदी ने आज अपने गृहराज्य गुजरात के भावनगर जिले में घोघा और भरूच में दाहेज के बीच 615 करोड़ रुपये की रो-रो (रोल ऑन, रोल ऑफ) फेरी सर्विस परियोजना के पहले चरण का शुभारंभ किया।सड़क मार्ग से घोघा और दाहेज के बीच की दूरी 310 किलोमीटर है और और इसे पूरा करने में आठ घंटे का वक्त लगता है।अब फेरी सर्विस से यह सफर कुल 31 किलोमीटर का रह जाएगा जिसको सिर्फ एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा। फेरी सर्विस का दूसरा चरण दो महीने में पूरा होगा।प्रधानमंत्री मोदी ने दिव्यांग बच्चों के साथ घोघा से दाहेज फेरी सेवा में सफर भी किया।

मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए जनवरी 2012 में इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। मोदी इसे अपना ड्रीम प्रोजेक्ट कहते है।रो-रो फेरी सर्विस के जरिए सिर्फ यात्री ही नहीं, बल्कि वाहन और माल की ढुलाई भी हो सकेगी।फेरी सर्विस में जो बोट रहेगी, उसमें 150 बड़े वाहनों की ढुलाई और करीब 1000 लोग एकसाथ यात्रा कर सकेंगे। रो-रो सेवा के लिए जहाजों को इस तरह से तैयार किया जाता है कि बंदरगाहों पर इनमें सामानों को आसानी से लादा जा सके और उतारा जा सके। 

घोघा में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि “ये फेरी सर्विस भारत ही नहीं दक्षिण पूर्व एशिया में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है। जिस सामान को सड़क के रास्ते ले जाने में डेढ़ रुपये का खर्च होता है, उसी सामान को जल मार्ग से ले जाने में 20-25 पैसे का खर्च आता है। सोचिए देश का कितना पेट्रोल-डीजल और समय बचने जा रहा है।”

इस दौरान पीएम ने अपने भाषण में यूपीए सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ,”जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तब भारत सरकार में ऐसा लोग बेठे थे जिन्होंने पूरे गुजरात पर विकास का प्रतिबंध लगा दिया था। मैं जानता हूं कि मैंने कितनी कठिनाइयों से गुजरात को आगे बढ़ाने का काम किया। यह प्रोजेक्ट काफी मुश्किल भरा था।”

पीएम ने गुजरात दौरे से पहले ही इस फेरी सर्विस के बारे में एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। उसके साथ उन्होंने लिखा है, “घोघा-दाहेज फेरी सर्विस गुजरात में यातायात और आधारभूत संरचना को मजबूत करेगा।”

Related posts

Leave a Comment