You are here

आप जल्द धोनी को ‘पद्म भूषण महेंद्र सिंह धोनी’ कह पाएंगे

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी  का नाम देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक सम्‍मान पद्मभूषण के लिए प्रस्‍तावित किया है।बीसीसीआई की ओर से जारी बयान के अनुसार, क्रिकेट बोर्ड ने इस साल पद्म पुरस्कारों के लिए सिर्फ एक नाम सरकार के पास भेजा है।बोर्ड की तरफ से कहा गया कि धोनी के नाम की सिफारिश करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।अब धोनी के नाम की इस सिफारिश को खेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय के पास भेजेगा जहां इस पर आखिरी फैसला होगा।

अगर धोनी का नाम पद्म भूषण के लिए फाइनल होता है, तो वह ये अवॉर्ड पाने वाले 11वें क्रिकेटर होंगे। धोनी से पहले सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, चंदू बोर्ड समेत अन्य खिलाड़ी इस अवार्ड को पा चुके हैं। धोनी को खेलों से जुड़ा भारत में दिया जाने वाला सबसे बड़ा खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार,पद्म श्री और अर्जुन अवॉर्ड पहले ही  मिल चुका है।

धोनी दुनिया के इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने आईसीसी की सभी ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया है।साल 2007 में उनकी कप्तानी में टीम इंडिया टी20 वर्ल्डकप चैंपियन बनी थी।वर्ष 2011 में 28 साल बाद भारत का विश्वकप जीतने का सपना महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही पूरा हुआ था ।इसके बाद 2013 में  धोनी की ही कप्तानी में भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी जीती  थी।

गौरतलब है कि धोनी ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ 300 वनडे खेलने का रिकॉर्ड बनाया था।इसी सीरीज में वे वनडे में 100 स्टंपिंग करने वाले दुनिया के इकलौते विकेट कीपर बने थे। धोनी ने 302 एकदिवसीय मैचों में 9737 रन , 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन , और 78 टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 1212 रन बनाये हैं। धोनी ने अपने करियर के दौरान 16 अंतर्राष्ट्रीय शतक (टेस्ट में 6 और वनडे में 10) और 100 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाये हैं। विकेटकीपर के तौर पर धोनी ने 584 कैच और 163 स्टंपिंग भी की हैं।

Related posts

Leave a Comment