पाकिस्तान को ‘खून’ का सबूत
खून के निशान एलओसी के उस पार तक जा रहे हैं, जिससे ये साबित होता है कि सिर काटने के बाद पाकिस्तानी आर्मी सिर अपने साथ ले गई।
खून के निशान एलओसी के उस पार तक जा रहे हैं, जिससे ये साबित होता है कि सिर काटने के बाद पाकिस्तानी आर्मी सिर अपने साथ ले गई।
भारत ने पाकिस्तान को सबूत के तौर पर खून का सैंपल सौंपा है। भारत ने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में कहा कि पूरे सबूत हैं कि एलओसी पार कर पाकिस्तानी आर्मी के जवान आए थे । उन्होंने भारत के दो जवानों का सिर काटा। अब पाकिस्तान को अपने आर्मी कमांडर के खिलाफ एक्शन लेना होगा वरना भारत जवाब देगा। भारत ने सीधे कहा कि पाकिस्तानी आर्मी ने जो किया उसे उकसाने और भड़काने वाला कदम माना जाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बागले ने नई दिल्ली में ये बातें कही। विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान के हाई कमिश्नर अब्दुल बासित की पेशी हुई थी। विदेश सचिव ने बासित को सबूत के साथ बताया कि एलओसी के पास कृष्णा घाटी से मिले खून के नमूने दो भारतीय जवान के खून के नमूने से मेल खाते हैं। खून के निशान एलओसी के उस पार तक जा रहे हैं, जिससे ये साबित होता है कि सिर काटने के बाद पाकिस्तानी आर्मी सिर अपने साथ ले गई। ये खून के निशान बताते हैं कि हमला करने वाले कहां से आए थे और सिर काटने के बाद फिर वहीं लौट गए। विदेश सचिव ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को साफ लहजे मे कहा कि पाकिस्तानी आर्मी पीओके से आई थी और सिर काटकर पीओके ही ले गई। अब्दुल बासित ने पूरी घटना से ही इंकार कर दिया है। बासित ने सिर्फ इतना कहा कि वो भारत की बात पाकिस्तान में अपनी सरकार तक पहुंचाएंगे।


