क्या आपके शहर में भी दो हजार का नकली नोट पहुंच गया है?
दो हजार रुपए के नकली नोट अब बड़े शहरों तक पहुंच गए हैं। अब बैंक में नहीं गली की दुकान, बड़े बाज़ार में इसे खपाने की पूरी कोशिश हो रही है । कोलकाता 56 लाख 74 हजार रुपए के 2000 के नकली नोट पकड़े गए। पुलिस का कहना है ये नोट प्रिंटिंग प्रेस में छपे हैं। ये दिखने में एकदम असली नोट जैसे हैं। अगर कागज़ पहचानने में थोड़ी गड़बड़ हो गई तो दो हजार नकली नोट को आप परख नहीं पाएंगे। नकली नोटों की गड्डियों पर 460056 सीरियल नंबर छपे थे। कुछ और नोटों के बंडल पर 990099 सीरियल नंबर दिखाई दिए। इन गड्डियों पर शक न हो इसलिए गड्डी के ऊपर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की स्लिप लगाई गई थी। ऐसा लग रहा था जैसे ये नोट अभी अभी बैंक से निकालकर लाए गए हैं। कोलकाता के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ये सब इसलिए किया गया ताकि जिसे ये नोट मिले उसे लगे कि ये नकली नोट नहीं असली नोट है , इसलिए ये लोग स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के चिन्हवाली खास पट्टी का इस्तेमाल कर रहे थे।
लाखों रुपए के नकली नोट के साथ कोलकाता की पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया। सैयद रेहान, गोलाई मंडल, मुनव्वर मुल्ला, शेख अहमद और शेख अबुल कलाम को नकली नोटों के साथ रंगे हाथ एक मोबाइल शोरूम से पकडा गया…चार आरोपी हावड़ा के रहनेवाले हैं…जबकि एक बांकुरा से आया…जांच में पता चला है कि ये सिर्फ नोट पहुंचाने का काम करते थे, असली मास्टरमाइंड कोई और है।



